फिरोजाबाद। जिले में सोमवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चिलचिलाती धूप और गर्मी के कारण हर किसी का हाल बेहाल रहा। लोग कूलर और पंखों से राहत पाने की कोशिश करते दिखाई दिए। दोपहर के वक्त सुहागनगरी की सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखा। जिन इलाकों में बिजली गायब हो गई, वहां लोग पंखा झलते दिखे। ग्रामीण अंचल में बिजली गुल रहने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। मई का चौथा सप्ताह गर्मी लेकर आया। सोमवार को तापमान 44 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आगे भी गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के कारण हर किसी का हाल बेहाल दिखाई दिया। हाईवे पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। दिन में ट्रकों के साथ ही छोटे वाहन कम ही चलते दिखाई दिए। बाजारों में ग्राहकों के नहीं होने के कारण सन्नाटा पसरा रहा। बसों के तपने के कारण यात्री काफी कम बैठे। शाम को छह बजने तक लू के थपेड़े लोगों को बेहाल करते रहे।
यूपीएसआईडीसी से जुड़े मोहल्लों की बत्ती रही गुल
रविवार की शाम साढ़े नौ बजे के बाद यूपीएसआईडीसी बिजली घर से जुड़े मोहल्लों एवं ग्रामीण अंचल की बिजली गुल रही। पूरी रात बिजली के गायब होने के कारण लोग चैन की नींद नहीं सो सके। तड़के करीब साढ़े चार बजे बिजली के चालू होने पर ही लोगों को राहत मिल सकी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार गर्मी में लोड बढ़ने के कारण इस तरह की दिक्कत आ रही है। बिजलीघरों की मशीनें भी गर्मी के चलते हीट हो रही हैं।
शीतल पेय पदार्थों की बढ़ी मांग
चिलचिलाती धूप और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बाजार में शीतल पेय पदार्थों की डिमांड काफी तेजी से बढ़ी है। बाजारों में नीबू शिकंजी, लस्सी के साथ गन्ने का रस, मौसमी का रस के साथ फाल्से, बेल का शर्बत, खरबूजा, तरबूज, खीरा ककड़ी, कुल्फी के साथ ही अन्य शीतल पेय पदार्थों की बाजार मे मांग बढ़ी है। इतना ही नहीं बाजार में बर्फ की मांग बढ़ गई है, क्यों कि गरीब तबके के लोगों के घरों में यदि फ्रिज आदि नहीं है तो वह बर्फ से पानी को ठंडा करके उसका इस्तेमाल करते हैं।