शिकोहाबाद। नगर पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के बाद सभासदों द्वारा धरना प्रदर्शन मंगलवार देर शाम को अधिशाषी अधिकारी और पालिकाध्यक्ष से वार्ता के बाद समाप्त कर दिया। ईओ ने सभासदों की सभी 23 मांगें मान ली। मांगों को पूरा करने के लिए पालिका प्रशासन ने एक सप्ताह का समय मांगा है।
नगर पालिका परिषद के नवनिर्वाचित सभी सभासदों ने एकमत होकर सोमवार से पालिका परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर धरना प्रदर्शन शुरू किया था। सोमवार शाम को अधिशाषी अधिकारी ने सभासदों से वार्ता की,लेकिन धरना समाप्त करने पर सहमति नहीं बन सकी। सभासद पूरी रात धरने पर बैठे रहे। मंगलवार सुबह से लेकर शाम तक धरना चला।
मंगलवार देर शाम को पालिकाध्यक्ष रानी गुप्ता, व उनके प्रतिनिधि राजीव गुप्ता और अधिशाषी अधिकारी ने दोबारा सभासदों से वार्ता की और उनकी एक-एक मांग को सुना और उस पर सहमति जताई। सभासदों की सभी 23 मागें मान ली और मांगों को पूरा करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। जिस पर सभी सभासदों ने अपनी सहमति जताते हुए धरना को समाप्त करने की घोषणा की। अधिशाषी अधिकारी का कहना है कि सभासदों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता हुई। सभासदों की मांगें मान ली हैं। इसके बाद सभासदों ने धरना समाप्त करा दिया है।