घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बीती रात बालाजी मंदिर पर नेजा चढ़ाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा ट्रैक्टर का टॉयर फटने से हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 11 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा।
अचानक ट्रैक्टर का टायर फट गया
नसीरपुर थाना क्षेत्र के हरगनपुर गांव निवासी सतेंद्र अपने गांव से मंगलवार शाम को एक नेजा चढ़ाने बालाजी मंदिर पर आए थे। नेजा चढ़ाने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर हरगनपुर श्यारमऊ मोड पर पहुंचा। तभी अचानक ट्रैक्टर का टायर फट गया। अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई। इससे ट्रॉली में बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई।
हादसे में 11 लोग घायल हो गए। जानकारी होने पर पहुंचे थानाध्यक्ष संजुल पांडेय ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर और स्टाफ ने सभी घायलों का उपचार किया। डॉक्टर ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
हादसे में यह लोग हुए घायल
हादसे में जो लोग घायल हुए हैं, उनमें प्रदीप (55) निवासी पिढसरा थाना अरांव, राकेश (35), रामप्रकाश (68), शुगर सिंह (52) निवासी हरगनपुर, सुदामा देवी (37), निवासी धर्मनगर, मुन्नी देवी (45), तुलजेश (26), प्रेमपाल (38), अतर सिंह (65), ओमप्रकाश (65), रामनाथ (46) निवासी हरगनपुर शामिल हैं।