टूंडला। शहर के स्टेशन रोड पर वेल्डिंग मशीन से काम करते समय करंट लगने से एक मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक के परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया तथा शव को गांव ले जाकर अंतिम संस्कार किया। घटना मंगलवार शाम चार बजे के करीब की है। स्टेशन रोड सब्जी मंडी स्थित अली स्टील वर्क्स पर थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव छितरई निवासी 22 वर्षीय अजीत सिंह वेल्डिंग का काम कर रहा था। तभी मशीन में करंट आने से वह बुरी तरह से झुलस गया। मौके पर पहुंचे आसपास के दुकानदार उसे करंट से मुक्त कराते हुए उसे उपचार के लिए एफएच मेडिकल काॅलेज लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
युवक की मौत से परिजन में कोहराम मच गया। सूचना पाकर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। परिजन ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ गांव ले गए। जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। ऐसे में शव का पंचनामा भरवाकर परिजन के सुपुर्द कर दिया।