फिरोजाबाद। ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद ने डीएम रमेश रंजन से भेंट करके पवित्र रमजान माह के दौरान मस्जिदों के आस-पास चाक चौबंद व्यवस्थाएं किए जाने की मांग की है। ताकि रोजेदारों का किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद के नेतृत्व में जिलाधिकारी रमेश रंजन को सौंपे पत्र में कहा कि पवित्र रमजान माह में पानी की आपूर्ति सुबह,दोपहर एवं शाम को की जाए। रमजान माह में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में स्थित मस्जिदों एवं उनकी ओर आने जाने वाले रास्तों पर विशेष साफ सफाई कराने के साथ चूने का छिड़काव कराया जाए। जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है उन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई सुचारू की जाए,जहां पानी की सप्लाई नहीं हो वहां टैंकरों से पानी की आपूर्ति कराई जाए। रमजान माह के हर शुक्रवार को विशेष साफ सफाई कराई जाए। शहर के उत्तरी क्षेत्र एवं नई आबादी वाले इलाकों में टीमें लगाकर विशेष साफ सफाई कराई जाए। ईदगाह की खराब एलईडी को चालू कराया जाए। सदर बाजार में जहां जाम लगता है वहां जाम की समस्या से निजात दिलाई जाए। इसके साथ ही बिजली की सप्लाई को सुचारू रूप से संचालित की जाए। इस दौरान मुफ्ती रजीउद्दीन,असद अहमद खां, गौहर खान,ताहिर खान आदि लोग शामिल थे।