टूंडला। सहायक लोकाे पायलट की मौत के मामले में लोको पायलटों के हंगामे, धरना-प्रदर्शन की गूंज प्रयागराज तक पहुंच गई। डीआरएम ने मामले में उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही आरोपी दोनों सीएलआई को जांच होने तक छुट्टी पर भेज दिया है।
राजस्थान के जनपद धौलपुर के थाना आंगई अंतर्गत गांव वटीकरा निवासी श्यामवरन सिंह रेलवे में सहायक लोको पायलट पद पर तैनात था। जो न्यू रेलवे काॅलोनी स्थित रेलवे आवास में परिवार सहित रह रहे थे। बृहस्पतिवार शाम को अंगौछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की जानकारी होने पर देर रात्रि लोकाे पायलट गार्ड-ड्राइवर लॉबी पर लोको इंस्पेक्टर पर उत्पीड़न करने के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। शुक्रवार को फिर से एकत्रित साथी लोको पायलटों ने नियंत्रण कक्ष पर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया था।
इतना ही नहीं नामित मुख्य लोको निरीक्षक कौशल किशोर के विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज कराने एवं मुख्य लोको निरीक्षक एमसी मिश्रा को हटाए जाने की मांग की थी। मामले में पुलिस ने मृतक के भतीजे हरिओम सिंह की तहरीर पर नामित सीएलआई कौशल किशोर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
शनिवार सुबह सहायक लोको पायलट फिर से गार्ड-ड्राइवर लॉबी पर लामबंद हो गए तथा टेंट लगाते हुए मृतक श्याम वरन सिंह की फाेटो लगाते हुए धरन पर बैठ गए। यहां उन्होंने नामित मुख्य लोको निरीक्षक कौशल किशोर की गिरफ्तारी तथा मुख्य लोको निरीक्षक एमसी मिश्रा को हटाने की तख्तियां लगाते हुए प्रदर्शन किया। शाम 7 बजे विभाग के एई प्रतीक यादव व सभी लोको इंस्पेक्टर धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने डीआरएम द्वारा जांच कमेटी गठित करने एवं जांच पूरी होने तक दोनों सीएलआई को हटाने एवं छुट्टी पर भेजे जाने की बात कहते हुए धरना समाप्त कराया।
डीआरएम प्रयागराज ने की जांच कमेटी गठित
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया है कि डीआरएम हिमांशु बडोनी ने सहायक लोको निरीक्षक की मौत के मामले में सीनियर डीईई/ओपी की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की है। निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। पुलिस भी आत्महत्या मामले की जांच कर रही है, तथ्य सामने आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
सहायक लोको पायलट विभागीय कार्रवाई को लेकर धरना दे रहे हैं। पुलिस दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी, टूंडला