फिरोजाबाद। दो माह पहले बनाई गई नई सड़क जलभराव के कारण चंद दिनों में ही उखड़ने लगी हैं। लोकनिर्माण विभाग ने बीते जुलाई-अगस्त माह में पुराने हाईवे पुल के नीचे सड़क का नवीनीकरण कराया गया था। जुलाई-अगस्त में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पुराने हाईवे पुल के नीचे दोनों ओर लाखों रुपये खर्च कर सर्विस रोड का नवीनीकरण कार्य कराया गया था, लेकिन बीते पखवाड़ा पुराने पोल बदलने के लिए बिजली विभाग द्वारा कराई गई सड़क खोदाई के दरम्यान पानी की लाइन में लीकेज उत्पन्न हो गए हैं। पानी की लीकेज के कारण सुबह और शाम के समय नवीनीकृत सड़क पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस कारण सेंट्रल बैंक से कोटला चुंगी तक कई जगहों पर सड़क उखड़ने लगी है। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी एनपी सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। इस संबंध में बिजली विभाग एवं निगम से स्थिति में सुधार के लिए पत्र भेजा जा रहा है।