रामब्रेश -मृतक किसान का फाइल फोटो
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/खैरगढ़। साधन सहकारी समिति खैरगढ़ पर डीएपी लेने गए किसान की मौत के मामले में लेखपाल ने गांव में जाकर जांच पड़ताल की। परिजन ने बताया कि वह समिति पर आलू एवं गेहूं की फसल की बुवाई के लिए डीएपी लेने के लिए समिति पर ग्रामीणों के साथ गए थे।
थाना खैरगढ़ के गांव शेखपुरा निवासी किसान रामब्रजेश (60) शुक्रवार को खाद लेने के लिए सुबह से साधन सहकारी समिति पर पहुंच गए थे। समिति पर काफी भीड़ होने के कारण वह कतार में लगे थे। दोपहर बाद उनकी अचानक तबियत खराब हुई। ग्रामीणों ने बताया कि शरीर में तेज पसीना निकला और सीने में दर्द हुआ। परिजन उन्हें उपचार के लिए प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए। हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए। किसान की मौत की जानकारी होने पर गांव में क्षेत्रीय लेखपाल कल्पना यादव गांव में पहुंची। उन्होंने मामले की जांच पड़ताल की। किसान की मौत होने से उसकी बेटियां रेखादेवी, भूरीदेवी, रविसारा एवं रीना का रो-रोकर बुरा हाल था। रामब्रजेश ने पुत्र प्रीतम सिंह सहित चारों बेटियों का विवाह कर दिया था। ग्राम प्रधान के पति अवधेश कुमार ने बताया कि किसान की मौत के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।