फिरोजाबाद। यूपीसीडा के औद्योगिक आस्थान पर पानी की किल्लत को दूर करने के लिए दो नए नलकूपों की स्थापना होगी। इसके लिए लगभग 95.77 लाख रुपये का कार्य योजना स्वीकृति के लिए यूपीसीडा मुख्यालय को भेजा गया है। पेयजल व्यवस्था का मुद्दा कई बार जिला उद्योग बंधु की बैठक में भी उठा। जिस पर डीएम ने यूपीसीडा अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए थे। जलेसर रोड स्थित यूपीसीडा के आस्थान में करीब 55 इकाई संचालित हैं। जबकि करीब 30 अन्य इकाइयां फिलहाल उत्पादन प्रक्रिया शुरू कराने के मुहाने पर हैं। शासन को करोड़ों का राजस्व देने वाले इस औद्योगिक आस्थान में पेयजल व्यवस्था के समुचित साधन उपलब्ध नहीं हैं। इस मुद्दे को जिला उद्योग बंधु की बैठक में कई बार उठाया गया। गत अक्तूबर माह में आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में भी यह मुद्दा उठा। जिस पर डीएम ने क्षेत्रीय कार्यालय यूपीसीडा आगरा के अफसरों को पेयजल समस्या के निदान को आवश्यक कार्ययोजना बना कर प्रस्तुत करने को कहा था।
-
यूपीसीडा ने शासन को भेजी 95.77 लाख की कार्ययोजना
यूपीसीडा के औद्योगिक आस्थान पर पेयजल समस्या के निदान को दो नलकूपों की स्थापना की जाएगी। आवासीय एवं इंडस्ट्रीरियल सेक्टर में अलग-अलग नलकूप स्थापना के लिए यूपीसीडा के क्षेत्रीय कार्यालय आगरा द्वारा लगभग 95.77 लाख रुपये की लागत वाले कार्य योजना बना कर शासन को भेजी है। जिसे जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है।
क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा नलकूप स्थापना का प्रस्ताव भेजने की जानकारी है। नलकूप स्थापना होने से यूपीसीडा आस्थान में पेयजल के अलावा इकाईयों में जरूरत के मुताबिक पानी उपलब्ध होगा।
राजकुमार शर्मा अध्यक्ष द ऑनर्स ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन