उसायनी स्थित वैष्णो देवी धाम मंदिर की गुफा में मैया के दर्शन करते श्रद्धालु
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने दुर्गा के अवतार मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की। दूसरे दिन भी सुबह से देवी के मंदिरों में पूजा पाठ शुरू हो गया था। घर-घर में भी पूजा पाठ किया गया। मंदिरों में चल रहे शतचंडी यज्ञों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति डाली। मंदिरों में दिनभर दर्शन के लिए लोगों की आवाजाही लगी रही।
कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन के कारण इस बार मंदिरों में भीड़ कम दिखाई दे रही है। नवरात्र से लोगों की असीम आस्था जुड़ा रहने के कारण श्रद्धालु विभिन्न तरीके से मां की आराधना कर रहे हैं। लोग निराहार, फलाहार सहित अन्य तरह से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना करने में लगे है। वहीं नवरात्र को लेकर कई घरों में अखंड ज्योति जलाने की परंपरा भी है। विभिन्न दुर्गा मंदिरों में पुरोहित द्वारा विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। नवरात्र को लेकर दुर्गा मंदिरों में विधिवत पूजा अर्चना की जा रही है।
मंदिरों में वैदिक पद्धति से नवरात्र के पहले दिन देवी दुर्गा की आराधना की गई। नवरात्र को लेकर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इसके साथ ही संध्या आरती सहित अन्य अनुष्ठान में कोरोना को लेकर लागू नियम का पालन करते हुए मंदिर कमेटी कर रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शक्ति स्वरूपा मां जगदंबा की आराधना में भक्त डूबे हुए हैं। पूजा अर्चना को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर है। मां राजराजेश्वरी कैलादेवी, कोटला रोड पथवारी माता मंदिर, उसायनी स्थित श्रीमाता वैष्णोदेवी धाम पर सुबह से ही भक्त मां के दर्शन को पहुंच रहे है।