फिरोजाबाद। परिषदीय विद्यालय के दिव्यांग बच्चों को उपकरण बांटे जाएंगे। इससे पहले उनको आयोजित शिविर में पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद इनकी आवश्यकतानुसार उपकरण बनवाए जाएंगे। अक्तूबर में इनका वितरण कराया जाएगा। अभी तक 193 दिव्यांग बच्चे स्कूलों में चिह्नित किया जा चुका है।
परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के दिव्यांग बच्चों के लिए पंजीकरण शिविर व उपकरण वितरण का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके तहत 18 दबरई स्थित फिरोजाबाद ब्लाॅक की बीआरसी, 19 जुलाई को बीआरसी जसराना में शिविर लगेंगे। इस शिविर में चिह्नित बच्चों को अक्तूबर माह में उपकरणों का वितरण किया जाएगा। उपकरणों का लाभ दो साल में केवल एक बार ही लिया जा सकेगा। पिछले साल के लाभांवित नौनिहाल इस साल लाभ नहीं उठा सकेंगे।
यह ले जाने होंगे प्रमाण पत्र
पंजीकरण कराने के लिए प्रत्येक बच्चे को तीन फोटो, सीएमओ द्वारा जारी प्रमाण पत्र, आधारकार्ड, अभिभावक का आय प्रमाण पत्र, प्रधानाध्यापक की तरफ से जारी स्कूल में दाखिले का प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। प्रत्येक बच्चों को यह सुविधा होगी कि वह किसी भी शिविर में पहुंचकर पंजीकरण करवा सकते हैं।
सभी बीईओ को हिदायत दी गई है कि प्रत्येक पात्र नौनिहाल को शिविर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएं। अगर किसी को कोई दिक्कत होती है तो डीसी समेकित शिक्षा से मिलकर शिकायत दर्ज करा सकते है।
-आशीष पांडेय, बीएसए