टूंडला। चार दिनों से लगातार हो रही बारिश सोमवार को भी जारी रही। रविवार शाम व सोमवार सुबह टूंडला क्षेत्र के कुछ गांवों में जर्जर कच्चे, पक्के मकान व दीवार धरासाई हो गई। गनीमत रही घटनाओं के दौरान कोई हताहत नहीं हुआ।
लगातार हो रही बारिश से सोमवार दोपहर थाना पचोखरा के गांव नगला प्रेम निवासी रमाकांत पाठक के कच्चे मकान की छत गिर गई। गनीमत रही इस दौरान परिवार के सदस्य खेत पर व मकान पर पड़े छप्पर में बैठे थे। दूसरी घटना रविवार देर शाम थाना नगला सिंघी के गांव बजहेरा निवासी नाथूराम के पक्के मकान का एक कमरा भरभराकर गिर गया। गनीमत रही इस दौरान परिवार सदस्य बाहर बरामदे में बैठे थे।
अगर परिवार को कोई सदस्य कमरे में होता तो गंभीर घटना हो सकती थी। मकान की छत गिरने से घर का सारा सामान दबकर नष्ट हो गया। तीसरी घटना थाना टूंडला क्षेत्र के गांव गोपाल गढ़ी में हुई। रविवार शाम चंद्रपाल सिंह का परिवार बूंदाबांदी बंद होने पर घर के बाहर चारपाई पर बैठा था। तभी मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से उनका घरेलू सामान दबकर खराब हो गया।
-
बारिश और फिर धूप खिलने पर गिर सकते हैं जर्जर मकान
सावधान हो जाएं, अगर आप जर्जर व पुराने मकान में रह रहे हैं। लगातार बारिश के चलते ऐसे मकान, दीवारें दरक रहे हैं। अभी बरसात है इसके बाद धूप खिलेगी तो और भी अधिक जर्जर मकान गिरने की संभावना है। एसडीएम सत्येंद्र सिंह का कहना है कि लगातार बारिश जर्जर भवनों के लिए खतरा है। लोग जर्जर मकान होने पर उसमें न रहें तथा सावधानी बरतें।