जसराना। तहसील परिसर में बृहस्पतिवार सुबह मिलावली गांव के ग्रामीणों ने सड़क हादसे में मृत किसान वीरपाल सिंह (52) का शव रखकर हंगामा किया। मृतक के परिवार के लिए आर्थिक मदद की मांग की गई। एसडीएम ने पांच लाख रुपये की राशि दिलाने की घोषणा की, तब ग्रामीण शांत हुए। जसराना के मिलावली निवासी वीरपाल सिंह को 7 नवंबर को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। उपचार के दौरान बुधवार को आगरा में उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजन और ग्रामीणों का आरोप था कि वीरपाल के पिता की छह साल पहले मौत के बाद, पूर्व में तैनात लेखपाल ने रुपए लेने के बावजूद जमीन की फौती (विरासत नामांतरण) दर्ज नहीं की। फौती न होने के कारण खतौनी में नाम दर्ज नहीं हो सका। इस वजह से परिवार को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला और तहसीलदार रवीश कुमार ने परिजन से बातचीत की और दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता राशि दिलवाने का आश्वासन दिया।