फिरोजाबाद। स्कूल परिसर में छात्र की मौत के बाद पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। सरकारी एंबुलेंस से शव घर भेजा गया, लेकिन परिजन ने कार्रवाई की मांग को लेकर एंबुलेंस रोककर मार्ग जाम कर दिया। मामले की जानकारी पर थाना दक्षिण, उत्तर के फोर्स के साथ सीओ सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई के आश्वासन पर करीब 45 मिनट बाद जाम खुल सका।नगला पचिया निवासी धनपाल का आठ वर्षीय पुत्र चंद्रकांत हिमांयुपुर स्थित हंस वाहिनी इंटर कॉलेज में कक्षा दो का छात्र था। शनिवार को खेलते समय हार्ट अटैक आने से बच्चे की मौत हो गई। शनिवार शाम शव लेकर घर जा रही सरकारी एंबुलेंस को परिजन से हिमांयुपुर नाले की पुलिया पर रोक दिया। आड़ी-तिरछी बाइक खड़ी कर मार्ग जाम कर दिया। मामले की जानकारी पर सीओ सिटी हिमांशु गौरव, सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार, दक्षिण प्रभारी संजय पांडेय, उत्तर वैभव कुमार मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए।
काफी देर तक परिजन को समझाया गया। परिजन की ओर से निषाद पार्टी के कार्यकर्ता वार्ता कर रहे थे। अधिकारियों ने स्कूल के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब 45 मिनट बाद जाम खुल सका। मृतक चंद्रकांत के पिता एक फैक्टरी मजदूर हैं। उन पर एक बेटी और दो बेटों में चंद्रकांत छोटा था।