कानपुर में मिला युवक का शव, परिजन तलाश रही पुलिस
मृतक की शर्ट पर लगे टैग पर लिखा है फिरोजाबाद के टेलर का नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कानपुर के सजैती थाना क्षेत्र स्थित एक युवक का शव बीबीपुर क्षेत्र में शराब के ठेके के पास पड़ा मिला। मृतक की शर्ट पर लगे टैग पर न्यू राज टेलर रामनगर फिरोजाबाद लिखा है। कानपुर पुलिस द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद लाइनपार पुलिस मृतक के परिजन की तलाश कर रही है।
कानपुर के सजैती थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि युवक का शव बीबीपुर स्थित देशी शराब के ठेके के पास सोमवार रात को मिला था। मृतक शरीर पर शर्ट पहने हुआ था। शर्ट के पीछे लगे टैग पर न्यू राज टेलर रामनगर फिरोजाबाद लिखा था। मृतक की उम्र करीब 45 साल प्रतीत हो रही है। लाइनपार थाना प्रभारी जगंदबा पाल का कहना है कि शव मिलने की जानकारी कानपुर पुलिस ने दी थी। इसके बाद युवक के बारे में जानकारी करने के साथ ही उसके परिजन की तलाश की जा रही है।