शादी वाले घर में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। लाखों के आभूषण और हजारों की नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित परिवार ने तहरीर दे दी है।
मोहल्ला हिमायूंपुर अशर्फीनगर निवासी ठाकुर सुरेंद्र सिंह ने अपनी बेटी रुबि उर्फ श्रेष्ठी का विवाह 29 अप्रैल को किया था। रुबी 12 मई को अपनी ससुराल से घर आई थी। बुधवार रात सभी लोग खाना खाकर छत पर सोने के लिए चले गए थे। देर रात चोर घर के अंदर प्रवेश कर लिया। चोर सुरेंद्र सिंह के घर में रखी हजारों की नकदी और करीब 5 लाख रुपये के गहने चोरी कर ले गए। परिवारीजनों को सुबह जानकारी होने पर शोर मचा दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। कोतवाल दक्षिण का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।