थाना पचोखरा के गांव बुर्ज नत्थू में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
अलीगढ़ के थाना इगलास अंतर्गत गांव लदौली निवासी मनोहर लाल ने अपनी पुत्री पिंकी (22) का विवाह करीब 17 माह पूर्व थाना पचोखरा के गांव बुर्ज नत्थू निवासी कैलाश पुत्र अजब सिंह के साथ किया था। विवाह के बाद से ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। इसको लेकर कई बार पंचायत कर ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ससुरालीजन नहीं माने। ससुरालीजन पिंकी का उत्पीड़न कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुराली आए दिन पिंकी के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि शनिवार को ससुरालियों ने पिंकी की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना पर पहुंचे मृतका पिंकी के पिता मनोहरलाल ने पति कैलाश, ससुर अजब सिंह, सास, जेठ पŒपू व जेठानी के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इधर, घटना के बाद से ससुरालीजन फरार हैं।