गंभीर हालत में परिवारीजन आगरा ले गए
करवा चौथ पर पति की पिटाई के बाद महिला ने बुधवार को खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को परिवारीजन जिला अस्पताल लेकर आए। बाद में उसे आगरा रेफर कर दिया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पड़ताल कर लौट गई।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव हैवतपुर निवासी वीनेश कुमार का बुधवार सुबह पत्नी अंजली (20) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान वीनेश ने अंजली के साथ मारपीट कर दी और घर से चला गया। बाद में उसने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली और चीखने लगी। इस दौरान मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे किसी तरह बचा लिया। इस दौरान वीनेश और उसके परिवारीजन भी आ गए और महिला को जिला अस्पताल ले गए। उधर, सूचना पर अंजली के पिता दुर्ग सिंह निवासी बौहड़ी डांडा थाना नसीरपुर भी जिला अस्पताल आ गए। पीड़ित परिवारीजनों ने बताया कि उन्होंने अंजली की शादी चार माह पूर्व वीनेश के साथ की थी। वीनेश ने किसी बात को लेकर अंजली के साथ मारपीट कर दी थी। इसके चलते उसने आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। नसीरपुर थानाध्यक्ष का कहना है कि महिला के जलने की सूचना मिली है। लेकिन तहरीर नहीं आई। तहरीर आने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।