फिरोजाबाद। नगर निगम से खुद के नाम दुकान आवंटन कराने के बाद अब दूसरों को किराए पर दुकान उठाने वाले 90 दुकानदारों को निगम ने नोटिस जारी किया है। निगम ने दुकान स्वामियों से पूछा है कि बिना अनुमति के किराए पर दुकान क्यों उठाई। सभी दुकान स्वामियों से सात दिन में जवाब मांगा है।
शहर में नगर निगम की करीब 600 दुकानें हैं। अधिकारी व कर्मचारियों की मिलीभगत से कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें दूसरों को उठा दी हैं। उनसे नगर निगम द्वारा निर्धारित किराए की अपेक्षा कई गुणा अधिक किराया भी वसूला जा रहा है। जबकि नगर निगम को नाम मात्र का ही किराया दे रहे हैं। नगर निगम द्वारा सभी दुकानों का सर्वे कराया गया है। इसमें करीब 90 दुकानदार ऐसे चिह्नित हुए हैं, जिन्होंने अपनी दुकानें नगर निगम की बिना अनुमति दूसरे दुकानदारों को उठा दी हैं। कर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सर्वे में चिह्नित 90 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। उनसे एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है कि उनके द्वारा किस आधार पर दूसरों को दुकानें किराए पर उठाई गई हैं।