फिरोजाबाद के टूंडला में घर से खेलने निकले रेलकर्मी के पुत्र की हत्या उसके दोस्त ने बहन के बारे में गंदी बातें करने पर की थी। पुलिस पिछले छह माह से हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगी थी, मगर खुलासा नहीं हो पा रहा था। शनिवार को अहम सुराग जुटाते हुए दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा खुलासा हो गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, तेजाब की बोतल व अन्य सामान बरामद किया है। हत्याभियुक्त नाबालिग आरोपी को न्यायालय भेजा, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेजा दिया गया।
रेलवे के कंपनी बाग स्थित कालोनी निवासी चतुर्थ श्रेणी रेलकर्मी श्यामबाबू का 14 वर्षीय पुत्र सूरज एनसीआर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र था। 30 जून की शाम घर से खेलने के लिए निकला था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा था। दो जुलाई की शाम उसका शव स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या सात के निकट डाकघर के पीछे खंडहर बने आवास में मिला। किशोर की हत्या गले में चाकू मारकर की गई थी। वहीं उसका चेहरा भी विकृत किया गया था। किशोर की हत्या में परिजनों ने पड़ोसी रेलकर्मी पर शक जाहिर किया था। पुलिस ने पड़ोसी की हर प्रकार से जांच की कोई सुराग नहीं लगा।
परिजन व अधिकारियों के दबाव में पुलिस ने पड़ोसी का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की न्यायालय से अनुमति भी ले ली। इस बीच मिले शनिवार को पुलिस ने सूरज के दो दोस्तों को हिरासत लेकर पूछताछ की थी तो एक दोस्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि सूरज उसकी बहन पर बुरी नजर रखता था। दोस्तों के सामने बहन को लेकर अश्लील बातें करता था। कई बार समझाने के बाद वह नहीं माना। 30 जून की शाम उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बहाने स्टेशन लेकर गया। यहां से खंडहर में उसे लघुशंका करने के बहाने लेकर गया और उसे वहीं चाकू उसके गले में घुसा दिया। शव की पहचान न हो इसके लिए ईंट से उसका चेहरा कुचला। फिर तेजाब को उसके चेहरे पर डाल दिया। उसके कपडे़ चलती ट्रेन पर फेंक दिए तथा उसका लोकेट भी उतारकर फेंक दिया। हत्या की पूरी योजना उसने टीवी पर क्राइम पेट्रोल के सीरियल को देखकर रची। हालांकि हत्या के बाद वह काफी डर गया, लेकिन जैसे-जैसे समय निकला वह भयमुक्त होता गया।
घर आकर धोए थे खून से सने हाथ, तब ले गया था तेजाब
महज 15 वर्ष के हत्याभियुक्त ने बताया कि हत्या के करने के बाद वह सीधे घर पहुंचा था। खून से सने हाथों को भी उसने घर आकर ही साफ किया था। इसके बाद वह बाजार गया। जहां से तेजाब खरीदा तथा तेजाब को उसके मुंह पर डाला।
जांच में फाेरेंसिक टीम नहीं लगा पाई तेजाब का पता
हत्याभियुक्त ने घटना के खुलासे के दौरान हत्या के बाद तेजाब डालने की बात कहीं तो सभी चौंक गए। सूरज की हत्या होने पर फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए थे, किंतु चेहरे पर तेजाब डालने की बात सामने नहीं आई। मौके पर खून न मिलने पर हत्या कहीं और कर शव वहां फेंकने के कयास लगाए गए, जबकि तेजाब के चलते ही वारदात स्थल पर खून नहीं मिला था।
आरोपी ने जुर्म किया स्वीकार
टूंडला थाना प्रभारी प्रमोद पंवार ने बताया कि रेलकर्मी के पुत्र सूरज की हत्या उसके दोस्त ने बहन को परेशान करने एवं उसके बारे में दोस्तों के सामने अश्लील बातें करने से नाराज हाेकर की थी। हत्या से पूर्व उसने क्राइम पेट्रोल सीरियल देखा तथा बचने का पूरा प्रयास किया। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू व तेजाब की बोतल भी बरामद कर ली है।