जन्मजात विकृति, कटे-फटे होंठ और जले अंगों का निशुल्क होगा उपचार
रोटरी क्लब 15 मार्च को लगाएगा कैंप, अमेरिका तथा नीदरलैंड से डॉक्टर करेंगे इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। रोटरी क्लब के तत्वावधान में 15 मार्च को रवि यूनिटी हॉस्पिटल में निशुल्क कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें जन्मजात विकृतियों, कटे-फटे होंठ तथा चेहरों तथा शरीर के किसी भी हिस्से पर जले के निशान का उपचार अमेरिका तथा नीदरलैंड से आए अनुभवी डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी प्रोजेक्ट चेयर पर्सन रोटेरियन राहुल वाधवा ने दी।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च को शिविर का शुभारंभ डीएम रवि रंजन तथा सीएमओ डॉ नरेंद्र सिंह द्वारा किया जाएगा। बताया कि इस कैंप का आयोजन रोटाप्लास्ट इंटरनेशनल तथा रोटरी क्लब ऑफ फिरोजाबाद, रोटरी क्लब ऑफ आगरा ताजमहल एवं रोटरी क्लब ऑफ शिकोहाबाद द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंप में मरीजों का उपचार तथा पंजीकरण निशुल्क है।
प्रोजेक्ट एडवाइजर रोटेरियन लक्ष्मीकांत बंसल ने बताया कि अभी तक 70 से अधिक मरीजों का पंजीकरण किया जा चुका है। रोगियों का उपचार अमेरिका तथा नीदरलैंड से आए डॉक्टर करेंगे। रोटेरियन बंसल ने बताया कि 16 मार्च से 23 मार्च तक मरीजों की सर्जरी की जाएगी। जिसका कोई भी शुल्क मरीजों से नहीं लिया जाएगा।