फोटो 12 जसराना स्वास्थ्य केंद्र पर निरीक्षण करते सीएमओ। स्रोत: विभाग
फिरोजाबाद। कावड़ यात्रा की तैयारियों के दृष्टिगत सीएमओ डा. रामबदन राम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसराना का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आकस्मिक चिकित्सा से संबंधित औषधियों की उपलब्धता की जांच की गई तथा राज्य स्तर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. विमल उपाध्याय को निर्देशित किया गया कि वे स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। साथ ही टीबी रोगियों की जांच कर उनका समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा खोजी अभियान चलाकर कुष्ठ रोगियों को चिन्हित कर उनका उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीएमओ न कैंसर स्क्रीनिंग के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत गांव-गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा शिविरों में आने वाले लोगों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।