फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से बालक की मौत हो गई। परिजन आनन-फानन मे जीवित होने की आस में बालक को सरकारी ट्राॅमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां भी चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। परिजन के अनुसार बालक अपने बाबा के खेत जाते समय पीछे चला गया था।
गांव चनौरा निवासी भूरेलाल का छह वर्षीय पुत्र शिवम उर्फ प्रिंस मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे अपने बाबा के पीछे निकल गया। परिजन उसकी तलाश में जुट गए। बालक की तलाश में पूरा गांव छान दिया। कुछ देर बाद बालक का शव घर से खेत से थोड़ी दूरी स्थित पानी से भरे गड्ढे में पड़ा मिला। परिजन जीवित होने की आस में बालक को सरकारी ट्राॅमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने भी उसे मृत घाेषित कर दिया।
परिजन बाइक से ही शव को लेकर चले गए। वहीं जैसे ही बालक की मौत की जानकारी परिजन को हुई, उनके बीच कोहराम मच गया। एसएसआई अरुण त्यागी ने बताया कि बालक की गड्ढे में डूबने के कारण मौत होने की जानकारी मिली थी। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही बालक के शव को घर ले गए हैं।