सिरसागंज (फिरोजाबाद)। थाना सिरसागंज क्षेत्र में ननिहाल में खेलते समय एक दो वर्षीय बच्चे ने पानी समझकर पायल साफ करने वाला घर में रखा केमिकल पी लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने के प्रयास किए, लेकिन उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजन में चीख पुकार मच गई। दिल्ली संगम विहार निवासी हसमत का दो वर्षीय पुत्र फरहान अपनी मां आफरीन के साथ ननिहाल सिरसागंज के मोहल्ला तुरकिया डेढ़ महीने पूर्व आया था। सोमवार की दोपहर खेलते समय उसने घर में बोतल में रखा पायल साफ करने वाला केमिकल पानी समझ कर पी लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में लेकर सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। जहां चिकित्सकाें ने उसे बचाने का हर संंभव प्रयास किया, लेकिन अंत में वह जिंदगी की जंग हार गया। बच्चे की मौत की जानकारी होते ही उसकी मां बिलखकर रोने लगी। बच्चे के नाना जावेद खां ने बताया कि बच्चे ने खेलते समय पानी समझकर पायल साफ करने वाले केमिकल सेवन कर लिया। उसके पिता एसी और फ्रिज की मरम्मत करने का कार्य करते हैं। थाना प्रभारी उदयवीर मलिक ने बताया कि परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही शव को घर ले आए हैं। नाना जावेद खान ने बताया कि बच्चे के शव को लेकर वो दिल्ली जा रहे हैं।