फिरोजाबाद। प्रदेश में सत्तासीन भाजपा के लिए लोकसभा चुनाव में सपा का गढ़ कही जाने वाले सिरसागंज व शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र को जीतना आसान नहीं होगा। 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान डाॅ. चंद्रसेन जादौन भले ही भाजपा के सांसद चुने गए हों, लेकिन वह अपनी विधानसभा क्षेत्र सिरसागंज व शिकोहाबाद में सपा प्रत्याशी के सापेक्ष कम वोट पा सके थे। वर्तमान में दोनों विधानसभा सीट पर सपा के विधायक हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों को जीतने के लिए भाजपा को कड़़ी मशक्कत करनी होगी। विधानसभा क्षेत्र एवं लोकसभा क्षेत्र का 2008 में नया परिसीमन होने के बाद फिरोजाबाद लोकसभा सीट यादव बाहुल्य होने के कारण इसे सपा का गढ़ कही जाती है। यही कारण है कि बदले समीकरण के बाद सैफई परिवार के लोग ही इस सीट पर हाथ आजमाते रहे हैं। जिले की शिकोहाबाद, सिरसागंज के साथ-साथ जसराना विधानसभा क्षेत्र भी यादव बाहुल्य है। सपा इन सीटों पर पार्टी के मूल वोट बैंक यादव, मुस्लिम के साथ कुछ अन्य वर्गों के वोट पाकर जीत आसानी से हो जाती है। देश में 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान चली मोदी लहर के साथ सपा प्रत्याशी के खिलाफ उनके ही चाचा शिवपाल यादव के चुनाव मैदान में होने के बाद भी शिकोहाबाद, सिरसागंज में सपा के प्रत्याशी अक्षय यादव को भाजपा के डाॅ. चंद्रसेन जादौन से अधिक वोट मिले थे। लेकिन भाजपा प्रत्याशी डाॅ. चंद्रसेन जादौन को फिरोजाबाद, टूंडला एवं जसराना विधानसभा क्षेत्र में मिली बढ़त के कारण संसद तक पहुंचना आसान हो गया था।
2019 के लोकसभा चुनाव में विधानसभा क्षेत्र वार मिले वोट
विधानसभा क्षेत्र -डाॅ. चंद्रसेन जादौन भाजपा अक्षय यादव सपा
टूंडला (सु.) -124355 जीते -94837
जसराना -99700 जीते -94924
फिरोजाबाद -109129 जीते -96156
शिकोहाबाद -89773 हारे -101350
सिरसागंज -71093 हारे -78419
कुल वोट- -495819 -467068
सिरसागंज में शिवपाल यादव को मिले थे सर्वाधिक वोट
प्रगतिशील समाजवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान में सपा नेता शिवपाल सिंह यादव को जिले की सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 32703 वोट मिले थे। जसराना में 19128, फिरोजाबाद में 14747, शिकोहाबाद में 15166 वोट तथा सबसे कम टूंडला विधानसभा में 9907 मत मिले थे।