फिरोजाबाद। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शत्रोहन वैश्य ने शिकोहाबाद विकास खंड के निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर सख्त रुख अपनाया है। कार्य में शिथिलता, पेंशन का विवरण न दे पाने और मनरेगा की खराब प्रगति पर उन्होंने एडीओ पंचायत, एडीओ समाज कल्याण और एपीओ मनरेगा को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। निरीक्षण में एडीओ पंचायत द्वारा आईजीआरएस शिकायतों का निस्तारण असंतोषजनक मिला, जबकि एडीओ समाज कल्याण पेंशन योजनाओं का ब्योरा नहीं दे सके। सीडीओ ने बीडीओ को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी व कर्मचारी सुबह 10 से 12 बजे तक ब्लॉक में बैठकर जनसुनवाई करें। साथ ही मनरेगा के तहत चौराहों के सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और साइन बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। इस दौरान पीडी सुभाष चंद्र त्रिपाठी और बीडीओ सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद