सीसीटीवी कैमरे से होगी कांवड़ियों की निगरानी
डीएम और एसपी ने किया यात्रा मार्ग का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। अब जिले में कांवड़ियों की निगरानी पुलिस सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी करेगी। इसके लिए डीएम रवि रंजन और एसएसपी आशीष तिवारी ने शनिवार को एटा-टूंडला मार्ग का निरीक्षण कर थानेदार और चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वाहन चालकों को भी निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के लिए जागरुक किया।
डीएम-एसएसपी ने एटा जिले की सीमा पर स्थित चौकी तजापुर पर कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक की। कहा, टूंडला-एटा मार्ग से काफी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। इनकी सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाएं जाएं। वर्तमान में कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत इस रोड पर वाहनों एवं कांवड़ियों का आवागमन काफी रहता है। मार्ग निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पीड ब्रेकर, ब्रेकर, जानकारी हेतु फ्लैक्स एवं सीसीटीवी कैमरों की उचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने थानेदार और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि कावड़ियों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सीओ टूंडला हरिमोहन सिंह, थाना प्रभारी नारखी प्रदीप कुमार पांडेय के साथ अन्य लोग मौजूद रहे।
नसीरपुर-बटेश्वर मार्ग पर यातायात व्यवस्था बदली
कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शिकोहाबाद से नसीरपुर होते हुए बटेश्वर जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया है। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि शिकोहाबाद तहसील तिराहा से नसीरपुर होते हुए बटेश्वर को जाने वाले सभी वाहन के आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। सावन के प्रत्येक रविवार और सोमवार को थाना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत एटा चौराहा से तहसील तिराहे तक भारी वाहनों और चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है।