शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आनंद विहार से भागलपुर जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस से शिकोहाबाद-कौरारा के बीच मवेशी टकरा गया। इंजन से टकराकर मवेशी उझलकर ओएचई लाइन के खंभे से टकरा गया। इस वजह से ओएचई लाइन का तार टूट गया। इससे डाउन ट्रैक पर यातायात बाधित हो गया। विक्रमशिला एक्क्सप्रेस सहित पीछे चल रही तेजस एक्सप्रेस, 4 राजधानी, गोमती एक्सप्रेस के अलावा करीब 6 मालगाड़ी जहां की तहां खड़ी हो गई। करीब दो घंटे तक डाउन लाइन पर रेल यातायात बाधित रहा। शुक्रवार की शाम 4.45 बजे करीब दिल्ली-हावड़ा रेलखंड के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से कुछ आगे कौरारा रेलवे स्टेशन के पास 1211/24 किलोमीटर पर यह हादसा हुआ। आनंद विहार टर्मिनल से भागलपुर की ओर जा रही 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चल रही थी। जब वह शाम 4.45 बजे करीब शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से कुछ आगे निकली, तभी अचानक खेतों से अचानक रेल ट्रैक पर आया मवेशी ट्रेन के इंजन से टकरा गया। मवेशी इंजन के काऊ केचर से टकराने के बाद रेल ट्रैक किनारे लगे हुए ओएचई पोल से टकराया, जिससे पोल पर लगे हुए ओवर हेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) के तार भी टूट गए। यह घटना देख चालक ने तत्काल ही घटना से मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला के अधिकारियों को अवगत कराया।
आनन-फानन पीछे आ रहीं राजधानियों समेत अन्य ट्रेनों को पिछले रेलवे स्टेशनों पर रुकवा दिया गया। साथ ही विभागीय कर्मचारियों की टीम को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। घटनास्थल पर पहुंची टीम ने लगभग दो घंटे बाद टूटे हुए ओएचई के तारों को सही किया। इसके बाद ही शाम 6.45 बजे करीब विक्रमशिला एवं शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर खड़ी महाबोधि एक्सप्रेस को रवाना किया गया। इसके बाद पीछे खड़ीं अन्य ट्रेनों को चलाया गया।
-
ये गाड़िया हुई प्रभावित
ओएचई टूटने से विक्रमशिला एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस के अलावा तेजस एक्सप्रेस, नई दिल्ली-सियालदाह राजधानी, नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी, नई दिल्ली-राजेंद्रनगर पटना राजधानी, नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी, कानपुर शताब्दी, पूर्वा एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस के अलावा 6 गालगाड़ी प्रभावित रहीं।
वर्जन
विक्रमशिला से मवेशी टकराया था, जिससे डाउन ट्रैक पर ओएचई के तार टूट गए थे। ओएचई को दो घंटे की मशक्कत के बाद सही कर लिया गया। इसके बाद ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
राजेश्वर सिंह, स्टेशन अधीक्षक