फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बजरंग दल के जिलाध्यक्ष पर गैर समुदाय के लोगों ने जानलेवा हमला किया था। इसके बाद थाने के बाहर धरना भी दिया गया। पुलिस ने जिलाध्यक्ष की तहरीर पर 13 नामजद सहित 25 खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तार के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। धौंकल निवासी शुभम प्रताप सिंह बजरंग दल के जिलाध्यक्ष हैं। वह बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे आलू लेने के लिए बरतरा मार्ग पर जा रहे थे। आरोप है कि शकील, जीतू खां, हनीफ, अक्षय, राज खां, बबलू, चांद बाबू, संजय, सोनू खां, साहिद, मुजीम, नसीर, इकराम व 12 अज्ञात लोगाें ने उनके ऊपर जानलेवा हमला बोल दिया। सभी ने लाठी-डंडे और सरिया से जिलाध्यक्ष की पिटाई कर दी। जिलाध्यक्ष किसी तरह उनके चुंगल से छूटकर थाने पहुंच गए। पुलिस ने महज मेडिकल कराकर औपचारिकता की। इसके बाद संगठन के लोगों ने थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया।
जानकारी पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ टूंडला अनिवेश सिंह मौके पर पहुंचे और मुकदमा दर्ज करने के आदेश देते हुए पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने गांव धौंकल निवासी शाहिद, बबलू को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि नामजदों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से जेल भेजा गया है। अन्य की तलाश कराई जा रही है।
-
बंद रहीं शराब की दुकानें, तैनात रहा पुलिस बल
हिंदूवादी संगठन और गैर समुदाय के लोगों के बीच विवाद का मामला होने पर सुरक्षा की दृष्टि से शुक्रवार को नारखी क्षेत्र में शराब व बीयर की दुकानें पूरे दिन बंद रहीं। साथ ही नगला सिंघी, रजावली और नारखी थाने का पुलिस बल क्षेत्र में तैनात रहा। सर्किल के अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर मामले का जायजा लेते रहे। ठेका स्वामी दुकानों को खुलवाने की बात कहते रहे, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी।
बजरंग दल के जिलाध्यक्ष पर जानलेवा हमला करने वाले नामजदों में से दो आरोपियों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियाें की तलाश कराई जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स मुस्तैद किया गया है।
-अनिवेश सिंह, सीओ टूंडला