उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बेटे को अगवाकर मां के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। यही नहीं आरोपी ने पुलिस को शिकायत करने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी। महिला के किसी को न बताने के आश्वासन पर बेटे को छोड़ा। बेटा मिलने पर पीड़िता ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया है।
घटना पचोखरा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी विवाहिता ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि शनिवार की रात करीब 11 बजे वह घर पर अपने छह वर्षीय पुत्र के साथ सो रही थी। इसी समय गांव का एक युवक घर में घुस आया। उसके बेटे को जबरन उठाकर ले गया। युवक ने बेटे को छोड़ने के बदले उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा। उसके मना करने पर उसने बेटे को जान से मारने की धमकी दी। पुत्र को कहीं छिपाकर कुछ देर बाद वह दोबारा उसके घर पहुंचा। दबाव बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया
बताया कि आरोपी ने शोर करने या पुलिस में शिकायत करने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि उसके कार्रवाई न करने के आश्वासन पर रविवार सुबह उसका बेटा घर आया। तब वह शिकायत लेकर थाने पहुंची। इस मामले को लेकर पीड़िता ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसका पति महाराष्ट्र में काम करता है। वह बच्चों के साथ घर में अकेली रहती है।
तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी-थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि महिला के आरोपी युवक से चार साल से संबंध हैं। महिला ने कोई तहरीर नहीं दी है। शांति व्यवस्था भंग न हो, इसलिए आरोपी के विरुद्ध शांति भंग में कार्रवाई की गई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।