फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर में एक व्यक्ति के नाम का गलत इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से आरोपी की जमानत कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित होरीलाल निवासी लोहिया नगर को धोखाधड़ी का पता तब चला जब पुलिसकर्मी जमानतदारों के सत्यापन के लिए उनके घर पहुंचा। होरीलाल ने न्यायालय में पड़ताल की तो पाया कि वीरेंद्र कुमार उर्फ वीके नामक व्यक्ति ने उनके नाम का दुरुपयोग किया और अपनी फोटो लगाकर आरोपी सुहैब उर्फ लाला की जमानत ले ली। पीड़ित का आरोप है कि इस साजिश में वीरपाल, यादराम और एक वकील भी शामिल हैं। होरीलाल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद