पीएम किसान सम्मान निधि के लिए 22 से गांव-गांव लगेंगे कैंप
कैंपों में लेखपाल, पंचायत सचिव, सीएससी सेंटर संचालक, कृषि विभाग और पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी रहेंगे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सभी किसानों को मिल सके। इसके लिए विभाग की ओर से जनपद में संतृप्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर 22 मई से दस जून तक कैंप लगाए जाएंगे। इसमें कृषि विभाग के कर्मचारी घर-घर दस्तक देंगे।
उप निदेशक कृषि हरिनाथ सिंह ने कहा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ छूटे किसानों को लाभान्वित करने को जिले में 22 मई से अभियान शुरू हो रहा है। इसमें क्षेत्रीय कर्मचारी घर-घर जाकर ऐसे कृषकों की सूची तैयार करेंगे जो विभिन्न कारणों से इस योजना से वंचित हैं। डीएम रवि रंजन ने कहा कि जिन किसानों ने सम्मान निधि के लिए आवेदन नहीं किया है उनके आवेदन कराएं। आवेदन करने के बाद यदि स्वीकृत नहीं हुआ तो उसे स्वीकृत करें। भूलेख अपडेट नहीं है तो उसे अपडेट कराएं।
उप निदेशक कृषि ने कहा जिलाधिकारी की ओर से ग्राम पंचायत वार कार्ययोजना तैयार की है। उसी के अनुरूप ग्राम पंचायत की खुली बैठक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, लेखपाल, कृषि विभाग के कर्मचारी, सीएससी संचालक, पोस्ट ऑफिस के प्रतिनिधि अनिवार्य रूप से सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे। इसमें प्रधान,बीडीसी सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए।