सराफा व्यापारियों ने सब्जी बेचकर विरोध जताया
सराफा व्यवसायियों ने शनिवार को सब्जी बेचकर उत्पादन शुल्क और खरीदारी के समय पैन कार्ड की अनिवार्यता का विरोध किया। व्यापार मंडल ने भी सराफा व्यापारियों की मांगों का समर्थन किया।
बड़ा बाजार तिदरी पर शनिवार को बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी सुबह एकत्रित हो गए। युवा व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए यहां सब्जी मंडी सजा ली। टमाटर, आलू, प्याज, बंद गोभी, गोभी की बिक्री बाजार भाव से कम दाम पर बेची गई। हालांकि इस दौरान सब्जी खरीदने वाले को अपना पैन कार्ड दिखाना अनिवार्य था। व्यापार मंडल कंछल गुट के नगर अध्यक्ष रमाशंकर अग्रवाल, अजय मित्तल, उमेश वर्मा ने सराफा एसोसिएशन को अपना समर्थन व्यक्त करते हुए कहा यदि आवश्यकता पड़ेगी तो सराफा व्यापारियों के समर्थन में संपूर्ण बाजार बंद रखा जाएगा। इस दौरान मांग की गई कि प्रस्तावित उत्पादन शुल्क और पैन कार्ड की अनिवार्यता को केंद्र सरकार तत्काल वापस ले। अनिल बेधड़क कहा कि वित्तमंत्री द्वारा थोपे गए काले कानून को अविलंब वापस लिया जाए अन्यथा आंदोलन जारी रखा जाएगा।