फरिहा। क्षेत्र के गांव इटौली निवासी नागेंद्र पाल (34) बीते 26 जून को गांव के ठेकेदारों के साथ मजदूरी करने मध्य प्रदेश गए थे। परिजन का आरोप है कि वहां संदिग्ध परिस्थिति में नागेंद्र की मौत हो गई, लेकिन ठेकेदारों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिवार से छिपाए रखी। करीब नौ दिन बाद 5 जुलाई को मध्य प्रदेश के मेघनगर में नागेंद्र का शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। इस मामले में मृतक के छोटे भाई बाबूराम ने थाना फरिहा में तहरीर देकर ठेकेदारों पर समय से सूचना न देने का आरोप लगाया है, साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। संवाद