फिरोजाबाद। शिकोहाबाद में मटसेना थाना क्षेत्र में गांव सिकैरा के पास किसी वाहन की टक्कर से बाइक असंतुलित होकर पलट गई। इससे बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई। तीन साल का बालक और एक किशोरी घायल हो गई।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव पटना कर्खा निवासी बीटू अपनी भाभी विनीता (25), विनीता की बहन की बेटी शालू (17) और उसका भतीजा यश (3) को बाइक पर बैठा कर बीहड़ वाली माता के दर्शन कराने के लिए जा रहा था। जब बाइक मटसेना थाना क्षेत्र के गांव सिकैरा के समीप पहुंची, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बाइक पर बैठी नवविवाहिता विनीता, उसकी बहन की बेटी शालू और पुत्र यश घायल हो गए परिजन घायलों को लेकर अस्पताल आए। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने महिला विनीता (25) को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की जानकारी होते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। इस संबंध में मटसेना के उप निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि थाने पर इस तरह की कोई सूचना नहीं है।