शिकोहाबाद। नगला खंगर क्षेत्र के आटेपुर चौराहे के पास बाइक अनियंत्रित होकर पानी से भरे हुए खेत में जा गिरी। इस घटना में बाइक ऊपर गिरने से युवक की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना सिरसागंज क्षेत्र के अंतर्गत गांव शेरपुर निवासी सनी (22) शुक्रवार को बाइक से आटेपुर चौराहे से सामान लेने के लिए आया हुआ था। बाइक सवार जब चौराहे के पास पहुंचा। तभी अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पानी से भरे हुए खेत में जा गिरी। युवक मुंह के बल गिरा, बाइक उसके ऊपर जा गिरी। बाइक सवार के गंभीर चोट आ गई, उसका मुंह मिट्टी में दबा रह गया। इससे वह सांस नहीं ले सका। कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।
सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन एवं ग्रामीण बाइक सवार को जीवित होने की उम्मीद में जिला संयुक्त चिकित्सालय लाए। यहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद युवक की दम घुटने से मृत्यु होने की पुष्टि की। इस घटना से उसके परिवार में मातम छा गया। मृतक के चचेरे भाई अवनीश ने बताया कि मृतक तीनों भाइयों में सबसे छोटा था। उसका विवाह थाना टूंडला क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला कच्चा टूंडला निवासी कविता से हुआ था। इंस्पेक्टर नगला खंगर गिरीश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।