एका (फिरोजाबाद)। थाना एका क्षेत्र में दिवाली का बाजार कर अवागढ़ से लौटकर आ रहे तीन दोस्तों की बाइक राजगढ़ के पास पुलिया से टकरा गई। इसमें एक की मौत हो गई और दो गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
गांव कोंडरा निवासी मोहसिन (23) अपने दोस्त कल्याण पटीकरा निवासी अवधेश और राकेश के साथ शुक्रवार को अवागढ़ बाजार करने के लिए गया था। देर शाम वापस आते समय राजगढ़ के पास पुलिया से बाइक टकरा गई। इसमें तीनों युवक तरह घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। यहां मोहसिन की हालत खराब होने पर सरकारी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजन में कोहराम मच गया। दिवाली की तैयारियां मातम में बदल गईं। वहीं थाना प्रभारी अंजीश कुमार ने बताया कि पुलिया से बाइक टकराने से युवक की मौत हुई है।