फिरोजाबाद। कमेटी विवाद के चलते शहर के प्रमुख गोपाल आश्रम के जीर्णोद्वार-सौंदर्यीकरण कार्य अधर में लटक गया है। गोपाल आश्रम के जीर्णोद्वार के लिए पर्यटन व संस्कृति विभाग ने करीब एक करोड़ 57 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। लेकिन उक्त धनराशि का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने शहर के प्रमुख गोपाल आश्रम के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्वार के लिए करीब एक करोड़ 57 लाख रुपये की कार्य योजना बनाई थी। उक्त कार्ययोजना को शासन की अनुमति मिल गई है। 18 जून को निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए प्रथम किस्त के रूप में 75 लाख रुपये भी जारी कर दिए गए। लेकिन वर्तमान गोपाल के रखरखाव एवं संचालन को लेकर दो कमेटियों में आपसी विवाद है।
विवाद के कारण फिलहाल गोपाल आश्रम के सौंदर्यीकरण का काम अधर में लटक गया है। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अधिकारी गोविंद कुमार का कहना है कि कमेटी विवाद के कारण फिलहाल उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार काम शुरू नहीं कराया गया है। जल्द ही कमेटियों के साथ सामंजस्य बना कर काम शुरू कराया जाएगा।