पीएम स्ट्रीट वैंडर्स योजना के लाभ हेतु भारतीय स्टेट बैंक में बैठे हुए पुरूष व महिला पथ विक्रेता
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। पीएम स्ट्रीट वेंडर्स स्वनिधि योजना के आवेदकों को गारंटी मुक्त ऋण देने में बैंकों की लापरवाही पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया है।
पीएम स्ट्रीट वेंडर्स स्वनिधि आत्म निर्भर योजना के तहत जिले को शासन ने 36 हजार पथ विक्रेताओं को दस-दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है लेकिन अभी तक महज 12548 पथ विक्रेताओं का पंजीकरण हो सका है। योजना के क्रियान्वयन की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने भी नाराजगी जतायी। मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक के मंडलीय प्रबंधक अर्जुन कुमार जैन भी यहां आ गए। जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने 23 अक्तूबर तक शत प्रतिशत पथ विक्रेताओं का पंजीकरण कराने के साथ ही बैंक शाखाओं से ऋण जारी कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम के निर्देश के बाद पीओ डूडा सुभाष वीर सिंह राजपूत एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक हरिकिशोर गौतम बैंक शाखाओं में डेरा डाले रहे।