फिरोजाबाद। जिले में मौसम बदलने के साथ लोगों को वायरल हो रहा है। अब सर्दी-जुकाम ने भी अपना स्वरूप बदल लिया है। पांच से सात दिन में सही होने वाला जुकाम अब 15 से भी अधिक दिन ले रहा है। इस वायरस से जूझ रहे प्रतिदिन 200 से 250 से अधिक मरीज मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे हैं।फिजिशियन डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मौसम बदलने पर सर्दी, खांसी, जुकाम आदि की समस्या होना आम बात है। हालांकि आम तौर पर सर्दी-जुकाम पांच से सात दिनों में सही हो जाता है, लेकिन अब जुकाम सही होने में 15 दिनों से भी अधिक समय ले रहा है। पीड़ित मरीज जुकाम के कारण परेशान हैं, क्योंकि इससे उन्हें दिक्कत हो रही है। वहीं अधिक समय जुकाम रहने के कारण कान में भी संक्रमण हो रहा है और उन्हें कम सुनाई दे रहा है। इन दिनों चल रही बीमारियों के प्रमुख कारण फ्लू, एलर्जी, साइनस संक्रमण एवं निमोनिया हैं। इन सभी में लक्षण जुकाम के लक्षणों से मिलते जुलते होते हैं।
-
-ऐसे करें बचाव
-हल्के गुनगुने पानी का सेवन करें।
-गर्म पानी में नमक डालकर गरारा करें।
-गर्म पानी में विक्स डालकर उसकी भाप लें।
-अधिक समय तक जुकाम रहने पर चिकित्सक को दिखाएं।
-ठंडी चीजों का सेवन न करें।