जिले में एक जनवरी को खाली पड़े प्लॉट में शव पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान अवैध संबंधों में युवक की हत्या किए जाने की बात निकल कर सामने आई। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे की तलाश जारी है।
एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि बीती एक जनवरी को दोपहर के समय मलिखानपुर रोड के समीप पवन भट्टा के पास प्लाट में एक शव मिला था। इसकी शिनाख्त नईम (40) निवासी मोहल्ला शीशगर बिजली घर के पीछे मडैया, थाना-सिकंदराराऊ, जिला हाथरस के रूप में हुई थी। वर्तमान में वह पत्नी के साथ शिकोहाबाद के शंकरपुरी मोहल्ला में रह रहा था। मृतक की बहन सायरा खातून ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी आशीष तिवारी ने जांच के लिए दो टीमें गठित की और घटना के खुलासे के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र कुमार मिश्रा ने जांच की। उन्होंने प्रकाश में आए हत्यारोपी को वांछित कर उसके खिलाफ दस हजार रुपये का इनाम घोषित करा दिया। थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए शनिवार को हत्यारोपी दस हजार के इनामी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने घटना के शीघ्र अनावरण पर पुलिस और सर्विलांस टीम को प्रशिस्त पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
पहले पिलाई शराब, फिर ईंट से कूच दिया
आरोपी शाहरुख ने पूछताछ में बताया कि नईम शराब पीने का लती था। वह कच्ची शराब पीता था। घर पर आकर पत्नी हसनेरा उर्फ शबाना को पीटता था। शाहरुख रिश्ते में शबाना का भतीजा लगता है। उसका नईम के घर आना जाना था। विगत दो माह से उसके संबंध शबाना से हो गए थे। पति के उत्पीड़न से त्रस्त शबाना उसके साथ रहना चाहती थी। इसलिए वह पति को बीच से हटाना चाहती थी।
बताया कि एक जनवरी को शबाना ने शाहरूख को दो सौ रुपये दिए और दो क्वाटर शराब मंगवाई। वह नईम को साथ लेकर मलिखानपुर भट्ठे के पास पहुंचा। यहां उसने पहले उसे दोनों क्वाटर शराब पिला दी। अचेतावस्था में जब वह गिर पड़ा तो उसने वहां पड़े भारी पत्थर को उठाकर उसके सिर पर वार किया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह घर पहुंचा और फिर शबाना को लेकर वहां पहुंचा और फिर ईंट से प्रहार किया। इसके बाद दोनों भाग गए। बताया कि नईम के छह बच्चे हैं।
कॉल डिटेल से खोला हत्या का राज
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस के निशाने पर शुरू से उसकी पत्नी थी। पुलिस ने शबाना का मोबाइल सर्विलांस पर लगा रखा था। कॉल डिटेल से पता चला कि हत्या में नईम की पत्नी ही शामिल है।