शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती अपनी बहन के यहां रह रही है। उसका आरोप है कि गांव के पास मोहल्ले के एक युवक ने उसे बाजार जाते समय गाड़ी में जबरन अपहरण करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं उन्होंने उससे अभद्रता की और उसे बटेश्वर घुमाने की बात कही। लेकिन युवती उनके साथ नहीं गई और घर लौट आई। जब उसने युवक की हरकत की शिकायत बहन से की। बहन उसे लेकर आरोपी युवक के घर पहुंची। तब आरोपी के परिवार के सदस्यों ने भी उन्हें पीटकर भगा दिया। आरोप है कि इस पर युवक के अलावा उसकी मां, पिता और भाभी ने पिटाई की और गाली गलौच करके भगा दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक उसे धमकी दे रहा है कि अगर उसने शिकायत की तो घर से निकलना दूभर कर देगा। युवक की धमकी के बाद से पीड़िता और उसकी बहन काफी डरी हुई हैं। इसके बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चौकी प्रभारी से जांच कराई। मामला सही प्रतीत होने पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अपराध रमेश चंद्र ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संजू, दर्शनलाल, संजू की मां और भाभी तथा उसके अन्य साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।