फिरोजाबाद। रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला हुसैनी में फर्जी दानपत्र बनाकर जमीन हड़पने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित मोहम्मद आरिफ के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2011 में मौजा रसूलपुर स्थित प्लाट पंजीकृत बैनामा कराकर खरीदा था और मकान बनाकर रह रहे हैं। आरोप है कि शीशग्रान निवासी सानी सिकंदर, मीर सिकंदर, साफिया और गौरिश ने साठगांठ कर 1985 का एक फर्जी व गैर-रजिस्टर्ड उर्दू हिबानामा (दानपत्र) तैयार कर लिया और जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की। विरोध करने पर पीड़िता को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई। थाने और एसएसपी कार्यालय से सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सीजेएम कोर्ट के आदेश पर थाना रसूलपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।