फिरोजाबाद। शहर के स्टेशन रोड स्थित कारखाने में पकड़े गए केरोसिन मामले की पूर्ति विभाग ने जांच प्रारंभ कर दी है। अभी इस मामले मे कोई तहरीर विभाग की ओर से नहीं दी है। सैंपलिंग रिपोर्ट आने के बाद ही विभाग की ओर से जिलाधिकारी के आदेश पर अभियोग दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
थाना उत्तर पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित कारखाने में करीब 120 लीटर केरोसिन को पकड़ा गया था। पुलिस इस केरोसिन को थाने पर ले आई थी। मामला खाद्य आपूर्ति विभाग से जुड़ा होने के कारण इसमें सीधे कार्रवाई पूर्ति विभाग के अधिकारियों को करनी होती है। पूर्ति विभाग को जब केरोसिन के पकड़े जाने की सूचना मिली तो विभाग सक्रिय हो गया। विभाग ने इस मामले में शुक्रवार को थाना उत्तर जाकर केरोसिन के सैंपलिंग की कार्रवाई की। क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि थाना उत्तर पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित कारखाने सेकरीब 120 लीटर केरोसिन पकड़ा था। उसमें किसी प्रकार की कोई मिलावट तो नहीं है इसकी जांच कराने को सैंपलिंग कराई है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच करने के साथ ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।