फिरोजाबाद। तुम तो ठहरे परदेसी... गीत से मशहूर हुए पार्श्व गायक और कव्वाल अल्ताफ राजा के सुरों पर रविवार की रात सुहागनगरी जमकर झूमी। फिरोजाबाद महोत्सव के मंच पर अल्ताफ राजा के सुर गूंजे तो दर्शक भी सुर मिलाते दिखे। एक बार फिर बढ़ी ठंड में अल्ताफ राजा के गानों ने माहौल गर्म किया।रंग बिरंगी रोशनी से सराबोर फिरोजाबाद महोत्सव के मंच पर एक ओर पार्श्व गायक अल्ताफ राजा थे तो दूसरी ओर दर्शक दीर्घा में युवाओं की भीड़। जो उनके साथ सुर में सुर मिलाती रही। अल्ताफ ने तुमसे कितना प्यार है गाने से शुरुआत की। इसके बाद जा बेवफा जा, पहले तो कभी कभी गम था पर सबको झुमाया। इश्क और प्यार का मजा लीजिए, पहले तो कभी कभी गम था, तुमसे कितना प्यार है जैसे गीत गाए तो युवा एक के बाद एक फरमाइशें दोहराते रहे। इसके साथ ही जाह्नवी पांडेय के गीतों के साथ रामधुन और बधाई एवं लोक गीतों पर लोग झूमते दिखाई दिए। इस दौरान डीएम डाॅ. उज्जवल कुमार, सीडीओ दीक्षा जैन, एडीएम अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर कृतिराज, पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।