फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Firozabad News: दवा फैक्टरी में भीषण आग, धमाकों से दहशत

विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा। लखनपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र (सिकंदरा) में पशुओं की दवाएं बनाने वाली कंपनी सेफकॉन लाइफसाइंसेज प्राइवेट लिमिटेड में मंगलवार दोपहर आग लग गई। पैकिंग एरिया में शॉर्ट सर्किट से हादसे के बाद 25 फीट तक ऊंची लपटें उठने लगीं। 200 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। आग भीषण होती देख सभी दहशत में आ गए। कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन प्लास्टिक की बोतल फटने से 20 से 25 धमाके हुए। 8 से अधिक दमकलों ने पहुंचकर दो घंटे में आग पर काबू किया। आग से लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है। यह फैक्टरी अछनेरा के पूर्व चेयरमैन अशोक अग्रवाल की है। इसमें सेफकॉन नाम से पशुओं के कृमि नाशक व अन्य दवाएं बनती हैं। फैक्टरी करीब दो बीघा क्षेत्रफल में स्थित है। एक तरफ दवाएं तैयार की जाती हैं, दूसरी तरफ टिनशेड के नीचे दवाओं की पैकिंग की जाती है। आग दोपहर करीब दो बजे पैकिंग एरिया में ही लगी थी। वहां प्लास्टिक की बोतलें, कार्टन, कागज, पैकिंग मैटेरियल रखे थे।
विज्ञापन

धुएं से काला हो गया आसमान
औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टरी में लगी आग से आसमान में करीब एक किमी तक धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। आग की लपटें भी ऊंची थीं। आसपास की फैक्टरी के कर्मचारी भी डर गए। लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। अग्निशमन अधिकारियों का कहना था कि प्लास्टिक की बोतलों और इंजेक्शन के वाॅयल आदि जलने के कारण ज्यादा धुआं हुआ।


सीएफओ बोले, वेल्डिंग की चिंगारी से लगी आग
मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि टिनशेड परिसर में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसकी चिंगारी से आग लगी। पैकिंग के सामान की वजह से कुछ ही मिनट में आग विकराल हो गई। दमकल कर्मियों ने दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फैक्टरी संचालक ने फायर एनओसी नहीं दिखाई है। आग बुझाने के इंतजाम भी नहीं मिले हैं। बुधवार को भी टीम को भेजा जाएगा। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


नुकसान का आकलन कर रहे
फैक्टरी के प्रशासनिक अधिकारी विकास दीक्षित का कहना है कि पैकिंग एरिया में आग लगी थी। हादसा शाॅर्ट सर्किट से हुआ। अंडरग्राउंड सेक्शन में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। वेल्डिंग की चिंगारी से आग की बात गलत है। फायर विभाग की एनओसी है। पहले कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की थी। लाखों का माल जल गया है। हालांकि अभी नुकसान का सही आकलन करा रहे हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें