बहन को स्टेशन छोड़ने आए आगरा के डाक्टर को बंदरों ने काटा, घायल
-रेलवे स्टेशन पर बंदरों का उत्पात, ट्रेन रुकते ही प्लेटफार्म पर पहुंच जाते हैं सैकड़ों बंदर
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। सोमवार सुबह लखनऊ जा रही बहन को छोड़ने स्टेशन आए आगरा के चिकित्सक पर बंदरों ने हमला बोल दिया। हमले में चिकित्सक घायल हो गए।
घटना सोमवार सुबह आठ बजे करीब की है। आगरा के देहली गेट निवासी हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. संजय चतुर्वेदी लखनऊ निवासी अपनी बहन संगीतादेवी को शताब्दी एक्सप्रेस में बैठाने के लिए टूंडला रेलवे स्टेशन आए थे। वे बहन के साथ प्लेटफार्म नंबर पांच पर ट्रेन आने का इंतजार कर रहे थे। तभी बंदरों ने उन पर हमला बोल दिया। वह बचाव के लिए चिल्लाए, अन्य यात्री सहायता के लिए दौड़े तब तक बंदर ने उनकी बाजू पर काटकर घायल कर दिया।
बंदरों के हमले से घायल होकर वे छटपटाकर वहीं बैठ गए। घटना देख उनकी बहन संगीता घबरा गईं। चिकित्सक ने उन्हें समझाते हुए शताब्दी एक्सप्रेस के आने पर बैठाते हुए। आगरा के लिए रवाना हो गए। टूंडला रेलवे स्टेशन पर यह पहली घटना नहीं है। अभी एक मई को भी बंदरों ने गुजरात के सोमनाथ निवासी पूनम बेन के ट्रेन से कुल्फी लेने उतरने के दौरान हमला बोल दिया था, जिसमें वे गंभीर घायल हो गई थीं।
बंदरों की समस्या रेलवे स्टेशन ही नहीं पूरे शहर में है। स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए बंदरों को भगाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा था। वहां से मंजूरी भी मिल गई है। 15-20 दिन में उस पर कार्ययोजना पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अमित सुदर्शन, सहायक मुख्य यातायात प्रबंधक, टूंडला