न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता, नारेबाजी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बुधवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। कचहरी परिसर में बैठक कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
बैठक को संबोधित करते हुए बार अध्यक्ष धर्म सिंह यादव ने कहा अपराधियों द्वारा अधिवक्ताओं को धमकी दी जा रही हैं। दिखतौली निवासी अधिवक्ता दिनेश बघेल की दीवार को तोड़ दिया। इस संबंध में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल अपर जिलाधिकारी से मिला। दिनेश बघेल की ओर से सिविल जज न्यायालय में प्रशासन के खिलाफ एक वाद दायर किया गया, जिसका नोटिस भी तामिल करा दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने अधिवक्ता के मकान में तोड़फोड़ की। वहीं अधिवक्ता हबीब मलिक ने क्षेत्र में अवैध रुप से संचालित कट्टी घरों की शिकायत कर बंद करने की मांग की। इस पर दंबंगों ने अधिवक्ता को जान से मारने और मकान में तोड़फोड़ करने की धमकी देकर चले गए। थाना पुलिस को तहरीर देने के साथ पुलिस कप्तान से भी मिले, लेकिन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। अधिवक्ताओं के वारिसान शस्त्र लाइसेंस की पत्रावली जिलाधिकारी के यहां लंबित है। इसके बाद भी शस्त्र लाइसेंस जारी नहीं किया जा रहा। इसके चलते बुधवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस दौरान पंचम सिंह, संजय पाठक, शिव प्रकाश, राजेश तिवारी, सगीर खां, रमेश गुप्ता, डा. देवी राम यादव, प्रमोद कुलश्रेष्ठ, दानिश कुमार आदि मौजूद रहे। सभा का संचालन डा. सुधीर यादव ने किया।