फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस ने इलाके में भय और आतंक का पर्याय बने एक सुसंगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर अंजीश कुमार सिंह की रिपोर्ट पर डीएम संतोष कुमार शर्मा ने गिरोह के सरगना नकुल यादव सहित कुल छह सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए गैंगचार्ट को मंजूरी दी है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह समाज में खौफ पैदा कर नाबालिगों से सामूहिक दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम देता था, जिसके चलते आम जनता इनके खिलाफ गवाही देने की हिम्मत नहीं जुटा पाती थी। इसी के मद्देनजर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि इन सभी का गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। गैंगस्टर एक्ट की जद में आए आरोपियों में गैंगलीडर नकुल यादव (निवासी गली नंबर 4, भगवान नगर, थाना उत्तर), आकाश शंखवार (निवासी गली नंबर 4, भगवान नगर), गौरव शंखवार उर्फ गुट्टा (निवासी जगसोरा, थाना जसवंतनगर, इटावा, हाल निवासी गली नंबर 4, भगवान नगर), गौतम शंखवार (निवासी गली नंबर 4, भगवान नगर), निर्मल शंखवार (निवासी गली नंबर 4, भगवान नगर) और अंजलि (निवासी झील की पुलिया, थाना उत्तर) शामिल हैं। संवाद