खैरगढ़। थाना क्षेत्र में अवैध खनन एवं मिट्टी के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। शिकोहाबाद तहसीलदार कीर्ति सिंह और जिला खनन अधिकारी मफत लाल के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने प्रतापपुर-खैरगढ़ मार्ग पर निकाऊ बरी के समीप मिट्टी से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर को पकड़ लिया। तीनों वाहन अवैध रूप से मिट्टी के खनन एवं परिवहन में लिप्त पाए गए। इस दौरान एक वाहन चालक ने टीम को देख रास्ते में ही मिट्टी गिराने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने वाहनों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद तीनों वाहनों को थाना खैरगढ़ लाकर सीज कर दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई से अवैध खनन एवं मिट्टी के अवैध परिवहन में लगे लोगों में खलबली मच गई। वहीं, करीब एक डेढ़ माह पूर्व खैरगढ़ प्रतापपुर मार्ग पर ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई थी और एक व्यक्ति घायल हो गया था। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। संवाद